गांधी नगर में धड़ल्ले से चल रहा नशे का काला कारोबार, बढ़ रहीं हत्या की वारदात

4

कुरुक्षेत्र : शहर का गांधी नगर एरिया जहां पर हर तरह का अवैध नशा उपलब्ध है। सड़क के ऊपर ही खुलेआम एक दर्जन से अधिक घरों में दुकानें चल रही हैं जहां नशे के इंजेक्शन, स्मैक, चरस व गांजा बेचे जा रहे हैं। शराब के अवैध खुर्दे चल रहे हैं। पिछले वर्ष नवंबर और दिसंबर माह में इंजेक्शन के ओवरडोज के कारण तीन युवकों की मौत हो चुकी है। यहां तक कि कुछ समय के अंतराल पर एक ही स्थान पर तीन हत्याएं हो चुकी हैं।लड़ाई झगड़ा तो आए दिन होता रहता है। इतना सब होने के बाद भी पुलिस यहां कोई कार्रवाई नहीं करती। आए दिन यहां पर नशे के कारण घटनाएं होती हैं। यह तब है जब जिला पुलिस ने अवैध रूप से नशीला पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है।

मकान में चला रहे अवैध गतिविधियां

नशीले पदार्थ का अवैध कारोबार करने वालों ने गांधी नगर में सड़क किनारे नाले पर कब्जा कर मकान बनाकर लंबे समय अवैध गतिविधियां चला रहे हैं। एक दर्जन से अधिक घरों में नशे के इंजेक्शन, स्मैक, चरस, गांजा व शराब बेचे जा रहे हैं। यह दुकानें सुबह चार बजे ही खुल जाती हैं और रात एक बजे तक चलती हैं। यहां की गलियों में सिरिंज और नशीली गोली के रैपर खुले में बिखरे हुए देखे जा सकते हैं।

Comments are closed.