Gujarat Exit Polls: CM भूपेंद्र पटेल से रिवाबा जडेजा तक, जानें गुजरात की 25 हॉट सीटों का एग्जिट पोल

Gujarat Exit Polls: CM भूपेंद्र पटेल से रिवाबा जडेजा तक, जानें गुजरात की 25 हॉट सीटों का एग्जिट पोल

7
सार

एग्जिट पोल में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, आप गुजरात के अध्यक्ष गोपाल इटालिया, आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी, भाजपा नेता हार्दिक पटेल, क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा तक की जीत और हार का अनुमान लगाया गया है। आइए जानते हैं कि इन 25 हॉट सीटों पर क्या नतीजे हो सकते हैं

 

 

विस्तार

गुजरात में दोनों चरणों का मतदान खत्म हो चुका है। इसके बाद सोमवार को जारी हुए एग्जिट पोल की मानें तो एक बार फिर से सूबे में भाजपा सरकार बनाने जा रही है। अगर एग्जिट पोल के आंकड़े परिणाम में तब्दील होते हैं तो ज्यादा सीटें जीतने का भाजपा अपना रिकॉर्ड तोड़ सकती है। 2002 में भाजपा को 127 सीटें मिली थीं। 2007 में ये घटकर 117 पहुंच गई। 2012 में 115 और फिर 2017 में 99 पर सिमटकर रह गई।

तमाम एग्जिट पोल के आंकड़ों का औसत निकाला जाए तो इस बार भाजपा को 133 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, कांग्रेस के 38 सीटों पर सिमटने का अनुमान है। आम आदमी पार्टी को आठ और अन्य के खाते में तीन सीटें जा सकती हैं। इंडिया टीवी ने गुजरात की वीआईपी सीटों का भी एग्जिट पोल जारी किया है।

इसमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, आप गुजरात के अध्यक्ष गोपाल इटालिया, आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी, भाजपा नेता हार्दिक पटेल, क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा तक की जीत और हार का अनुमान लगाया गया है। आइए जानते हैं कि इन 25 हॉट सीटों पर क्या नतीजे हो सकते हैं?

1. घाटलोडिया सीट:  यहां से गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल खुद भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। एग्जिट पोल के मुताबिक, भूपेंद्र पटेल इस सीट से आगे चल रहे हैं। घाटलोडिया सीट गुजरात की आर्थिक राजधानी अहमदाबाद में आती है। यहां भूपेंद्र पटेल के खिलाफ कांग्रेस ने अपनी पार्टी की राज्यसभा सांसद अमी याग्निक को मुकाबले में उतारा, वहीं आम आदमी पार्टी ती तरफ से विजय पटेल ने चुनाव लड़ा।

2. वीरमगाम सीट : अहमदाबाद जिले की ही वीरमगाम सीट की भी काफी चर्चा है। यहां से बीजेपी ने पाटीदार नेता हार्दिक पटेल को मैदान में उतारा था। एग्जिट पोल के अनुसार, हार्दिक पटेल आगे चल रहे हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस ने मौजूदा विधायक लाखाभाई भरवाड़ को उतारा था। मतलब कांग्रेस अपनी ये सीट हार सकती है।

3. खंभालिया विधानसभा : यहां से आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार इसुदान गढ़वी ने चुनाव लड़ा। एग्जिट पोल के मुताबिक, इस सीट से गढ़वी पीछे चल रहे हैं, जबकि भाजपा के मूलुभाई बेरा आगे चल रहे हैं। यहां से कांग्रेस ने विक्रम अर्जनभाई माडम को अपना प्रत्याशी बनाया था।

4. जामनगर उत्तर : इस सीट पर से भाजपा ने क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को उम्मीदवार बनाया था। एग्जिट पोल के मुताबिक यहां से रिवाबा आगे चल रहीं हैं। कांग्रेस ने यहां से बिपेन्द्र सिंह जाडेजा और आप ने करसनभाई करमुर को टिकट दिया था।

5. राजकोट पूर्व : राजकोट जिले की पूर्व सीट से कांग्रेस प्रत्याशी इंद्रनील राजगुरू आगे बताया जा रहे हैं। भाजपा ने इस बार यहां से उदय कनगड़ और आप ने राहुल भुवा को उतारा था।

6. कतारगाम: इस सीट से आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया आगे चल रहे हैं। यहां उनका मुकाबला भाजपा के वीनू मोरडिया और कांग्रेस के कल्पेश वारिया से हुआ।

7. मजूरा: एग्जिट पोल में यहां से गुजरात कैबिनेट के मंत्री हर्ष सांघवी आगे बताये गए हैं। कांग्रेस ने यहां से बाल्वंत शंतलाल जैन और आप ने पीवीएस सरमा को मैदान में उतारा था।

8. वडगाम: इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी जिग्नेश मेवाणी की जीत का अनुमान लगाया गया है। वडगाम सुरक्षित सीट है। 2017 के विधानसभा चुनाव में जिग्नेश मेवाणी कांग्रेस के समर्थन से निर्दलीय जीते थे।

9. गांधीनगर दक्षिण: इंडिया टीवी के एग्जिट पोल ने इस सीट से भारतीय जनता पार्टी के अल्पेश ठाकोर की जीत का अनुमान लगाया गया है।

10. थराद: एग्जिट पोल यहां से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी शंकर चौधरी को बढ़त बता रहे हैं। शंकर चौधरी बनास डेयरी के चेयरमैन हैं और गुजरात में ‘दूधवाला’ के नाम से मशहूर हैं।

11. नरोडा: यहां से भारतीय जनता पार्टी की डॉ. पायल कुकराणी एग्जिट पोल में आगे बताई गई हैं। पायल नरोदा पाटिया  दंगों के दोषी मनोज कोडनानी की बेटी हैं।

12. दरियापुर: इस सीट से कांग्रेस के ग्यासुद्दीन शेख एग्जिट पोल में आगे बताये गए हैं। दरियापुर मुस्लिम बहुल सीट है। ग्यासुद्दीन शेख दरियापुर के मौजूदा विधायक हैं।

13. जमालपुर खाड़िया विधानसभा: इस सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी इमरान खेड़ावाला की जीत का अनुमान इंडिया टीवी के एग्जिट पोल में लगाया गया है।  कांग्रेस के इमरान खेड़ावाला यहां के मौजूदा विधायक हैं। ये वही सीट है जहां ओवैसी प्रचार करते समय रो पड़े थे।

14. दानीलिमड़ा: इस सीट से भारतीय जनता पार्टी के नरेश व्यास पीछे बताये गए हैं। यह मुस्लिम बहुल सीट है, लेकिन एससी के लिए सुरक्षित है। इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी आगे चल रहे हैं।

15. सूरत पूर्व: यहां से कांग्रेस के प्रत्याशी असलम साइकिलवाला (कांग्रेस) पीछे बताए गए हैं।

16. मोरबी विधानसभा : इस सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी कांतिलाल अमृतिया की जीत का अनुमान लगाया गया है। ये वही मोरबी है, जहां पिछले महीने पुल हादसा हुआ था, जिसमें 135 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी।

18. वांकानेर विधानसभा: इंडिया टीवी के एग्जिट पोल इस सीट से कांग्रेस के जावेद पीरजादा को आगे बताया गया है।

19. राजकोट पश्चिम: इस विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी दर्शिता शाह के आगे रहने का अनुमान है।

20. वराछा रोड:  इस विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अल्पेश कथीरिया की जीत का अनुमान है।

21. गोधरा विधानसभा: इस सीट से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राउलजी की जीत का अनुमान है।

22. अमरेली विधानसभा: इंडिया टीवी के एग्जिट पोल ने इस सीट से कांग्रेस के दिग्गज नेता परेश धानाणी एग्जिट पोल में पीछे बताए गए हैं।

23. भावनगर ग्रामीण : इस विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता पुरुषोत्तम सोलंकी की जीत का अनुमान है।

24. भावनगर पश्चिम: इस से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी जीतू वाघाणी की जीत का अनुमान है।

25. वागरा विधानसभा: इंडिया टीवी के एग्जिट पोल ने इस सीट से कांग्रेस के दिग्गज मुस्लिम नेता सुलेमान पटेल की जीत का अनुमान है।

Comments are closed.